राष्ट्रपति पुतिन इस महीने भारत आएंगे, अजीत डोभाल ने दी जानकारी

Russian President India Tour: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने जानकारी दी है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत दौरे पर आ सकते हैं। उनका ये दौरा अगस्त के अंत में हो सकता है।
Putin to visit India: अमेरिका से मची तनातनी के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आ रहे हैं। गुरुवार को मॉस्को में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के हवाले से बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगस्त के आखिरी हफ्ते में भारत दौरे पर आ सकते हैं। रूसी न्यूज एजेंसी तास के मुताबिक, यह जानकारी भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने दी है।
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल बुधवार को रूस पहुंचे हैं। उनकी राष्ट्रपति पुतिन के साथ मुलाकात हो सकती है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद डोभाल की यह पहली मॉस्को यात्रा है। रूसी राष्ट्रपति के भारत दौरे की खबर ऐसे वक्त में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल की खरीद से नाराज होकर भारत पर टैरिफ 50% तक बढ़ा दिया है।
रूस ने भी की पुष्टि
रूसी डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (RDIF) के सीईओ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा है कि रूस ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति पुतिन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच शिखर बैठक अगले हफ्ते हो सकती है और इसकी तैयारियां जारी हैं। ये एक ऐतिहासिक मुलाकात साबित हो सकती है।
आखिरी बार 2021 में भारत आए थे पुतिन
राष्ट्रपति पुतिन ने 06 दिसंबर 2021 में भारत की यात्रा की थी। तब वे सिर्फ 4 घंटे के लिए भारत आए थे। इस दौरान भारत और रूस के बीच 28 समझौते पर दस्तखत हुए थे। इसमें मिलिट्री और तकनीकी समझौते शामिल थे। दोनों देशों ने 2025 तक 30 अरब डॉलर (2 लाख 53 हजार करोड़ रुपए) सालाना ट्रेड का टारगेट रखा था।