केंद्र सरकार ने लोकसभा में दी हैरान करने वाली जानकारी, 2024 में इतने लाख भारतीयों ने छोड़ी नागरिकता

Indian Citizenship Renunciation 2024: मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में सरकार से पिछले पांच सालों में भारतीय नागरिकता छोड़ने वाले लोगों की कुल संख्या की जानकारी मांगी थी।
Kirti Vardhan Singh in Lok Sabha: भारत में नागरिकता छोड़ने का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लोकसभा में बताया है कि साल 2024 में कुल 2,06,378 भारतीय नागरिकों ने अपनी भारतीय नागरिकता छोड़ दी है। यह आंकड़ा बताता है कि विदेशों में स्थायी निवास और नागरिकता लेने की प्रवृत्ति भारतीय लोगों में तेज हो गई है।
मानसून सत्र में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार से पिछले 5 साल में देश छोड़ने वाले लोगों की कुल संख्या के बारे में जानकारी मांगी थी। इसके बाद कीर्ति वर्धन सिंह द्वारा संसद में यह आंकड़ा प्रस्तुत किया गया था। इसके जबाव में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने गुरुवार को लोकसभा में बताया कि साल 2024 में 2,06,378 भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़कर दूसरे देशों की नागरिकता ले ली। कीर्ति सिंह ने कहा कि नागरिकता छोड़ने के कारण व्यक्तिगत होते हैं और यह वही व्यक्ति जानता है जिसने यह फैसला लिया हो।
देखें पिछले 5 सालों के आंकड़े
सरकार ने पिछले 5 सालों का आंकड़े भी पेश किए। इन आंकड़ों के मुताबिक 2024 में भारत की नागरिकता छोड़ने वालों की संख्या 2020 से लगभग ढाई गुना रही है। सरकार के मुताबिक, 2020 में 85,256, 2021 में 1,63,370, 2022 में 2,25,620, और 2023 में 2,16,219 लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ी थी। इससे पहले 2011 में यह संख्या 1,22,819, 2012 में 1,20,923, 2013 में 1,31,405 और 2014 में 1,29,328 थी।
विदेश में रहने वाले कुल भारतीयों की संख्या कितनी?
वहीं, एक अन्य प्रश्न के उत्तर में केंद्र सरकार ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशों में रह रहे भारतीयों की कुल संख्या 3.43 करोड़ (कुल 3,43,56,193) है, जिनमें से 1,71,81,071 प्रवासी भारतीय मूल के व्यक्ति (PIO) और 1,71,75,122 अनिवासी भारतीय (NRI) हैं।
नागरिकता त्यागने की क्या है प्रक्रिया
सरकार से यह भी पूछा गया कि क्या वह भारतीय नागरिकता छोड़ने के अनुरोध को स्वीकार करने से पहले पूरी तरह जांच करती है, इस सवाल के जवाब में, उसने नागरिकता छोड़ने की प्रक्रिया क्या है यह बताया है।
नागरिकता छोड़ने के लिए, आपको https://www.indiancitizenshiponline.nic.in पर आवेदन करना होता है। इसके बाद, उनके पासपोर्ट और बाकी दस्तावेजों का वेरिफिकेशन किया जाता है, जिसके बाद दस्तावेज संबंधित सरकारी विभागों को उनकी प्रतिक्रिया के लिए भेजे जाएंगे, जो 30 दिनों के अंदर प्रस्तुत करने होंगे।
प्रक्रिया में कितना समय लगता है?
दस्तावेजों के वेरिफिकेशन के बाद, 30 दिनों के बाद Renunciation Certificate ऑनलाइन मिल जाता है। इस प्रक्रिया में लगभग 60 दिन लग सकते हैं। अपनी भारतीय नागरिकता छोड़ने के बाद, आपको अपनी भारतीय नागरिकता के आधार पर प्राप्त सभी दस्तावेज (मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस) भी संबंधित अधिकारियों को जमा करने होंगे।