मॉस्को में अजीत डोभाल और व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात, ‘टैरिफ बम’ के बीच भारत-रूस संबंधों पर की चर्चा

Doval Meet Putin: भारत के NSAअजीत डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की है। क्रेमलिन में गुरुवार को पुतिन ने डोभाल का स्वागत किया। इसके बाद दोनों ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
NSA Doval meet Putin: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। डोभाल ने गुरुवार (7 अगस्त, 2025) को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रूस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुलाकात की। इस दौरान भारत और रूस ने एक-दूसरे के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस मुलाकात के एक वीडियो क्लिप में डोभाल बातचीत से पहले पुतिन से हाथ मिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले, डोभाल ने रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु के साथ बातचीत की। रूसी मीडिया ने इस बैठक की जानकारी दी है।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन को भारत आने का निमंत्रण
बताया गया है कि डोभाल ने बैठक में बाहरी दबाव के बावजूद रूस के साथ सभी मोर्चों पर सहयोग जारी रखने की नयी दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराई है। डोभाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रूसी राष्ट्रपति पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया, जिसे पुतिन ने स्वीकार कर लिया है। इस बैठक में डोभाल के साथ भारतीय राजदूत विनय कुमार भी थे।
इस पर रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु ने कहा, “रूस और भारत के बीच मजबूत और समय की कसौटी पर खरा उतरा दोस्ती का रिश्ता है और मॉस्को के लिए भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है, जो आपसी सम्मान, भरोसा, एक-दूसरे के हितों की समान रूप से समझ और एक एजेंडे को आगे बढ़ाने की इच्छा पर आधारित है।”
उन्होंने कहा, “हम एक नए और टिकाऊ विश्व की व्यवस्था के निर्माण, अंतरराष्ट्रीय कानून के शासन को सुनिश्चित करने और सभी आधुनिक चुनौतियों और खतरों का संयुक्त रूप से मुकाबला करने के लिए सक्रिय सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
भारत पर ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाया
ये वार्ता ऐसे समय पर हुई जब ट्रंप प्रशासन ने भारत से आने वाले सामानों पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने का आदेश जारी किया है। लिहाजा ट्रंप ने भारत पर कुल 50% टैरिफ लगाया है। इतना ही नहीं, अमेरिका ने चेतावनी दी है कि अगर रूस ने यूक्रेन युद्ध (जो अब चौथे वर्ष में है) को शुक्रवार तक समाप्त नहीं किया, तो वह रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर सेंकेडरी सेंक्शन (द्वितीयक प्रतिबंध) भी लागू कर सकता है। भारत पर टैरिफ दो चरणों में लागू होगा। पहला 25% टैरिफ 7 अगस्त से लागू हो गया है, जबकि दूसरा फेज 21 दिनों बाद यानी 27 अगस्त से शुरू होगा।